National

अयोध्या राम मंदिर में नमाज पढ़ते पकड़ा गया शख्स, विरोध करने पर लगाने लगे नारे

अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक विवादास्पद घटना सामने आई। सूत्रों के अनुसार, एक व्यक्ति मंदिर के भीतर नमाज पढ़ने का प्रयास कर रहा था, जिसे वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत रोक लिया। बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान वह नारे लगाने लगा।

इस घटना के बाद राम जन्मभूमि और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मौके पर तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बल ने युवक को हिरासत में ले लिया और उसे अज्ञात स्थान पर ले जाकर गहन पूछताछ शुरू कर दी। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह मंदिर परिसर तक कैसे पहुंचा और उसकी यह गतिविधि किस उद्देश्य से थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि आरोपी कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है और उसने वहां की पारंपरिक वेशभूषा पहन रखी थी।

अयोध्या जिला प्रशासन और राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अधिकारियों ने सभी सवालों पर मौन साध रखा है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि उत्तर प्रदेश पुलिस और अर्धसैनिक बल लगातार सुरक्षा में तैनात रहते हैं। इसके साथ ही अयोध्या प्रशासन ने मंदिर और पंचकोशी मार्ग के आसपास नॉनवेज भोजन की बिक्री और ऑनलाइन डिलीवरी पर पूरी तरह रोक लगा दी है। प्रशासन ने कहा कि आस्था को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों पर कोई ढील नहीं दी जाएगी और नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।