Delhi

महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को बड़ी सौगात: राजधानी में लॉन्च होगा पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड योजना

दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को अधिक व्यवस्थित और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी की महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को अब बसों में मुफ्त सफर के लिए पारंपरिक पिंक टिकट की बजाय एक स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) इस नई व्यवस्था को 19 फरवरी से लागू करने की तैयारी में है।

नई प्रणाली के तहत पात्र यात्रियों को “पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड” जारी किया जाएगा। इस कार्ड का उपयोग बस में चढ़ते समय कंडक्टर के पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) पर टैप करके किया जा सकेगा। अभी तक मुफ्त यात्रा के लिए हर बार अलग से पिंक टिकट लेना पड़ता है, लेकिन स्मार्ट कार्ड लागू होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रा प्रक्रिया तेज व सरल बनेगी।

योजना की शुरुआत के साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। दिल्ली की निवासी महिलाएं निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण कर कार्ड प्राप्त कर सकेंगी। जिनके पास यह कार्ड नहीं होगा, उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। कार्ड वितरण के लिए शहर में विशेष केंद्र और बूथ स्थापित किए जाएंगे। ये बूथ प्रमुख बस डिपो, पास केंद्रों और अधिकृत बैंकों के सहयोग से संचालित होंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से कार्ड बनवा सकें।

हालांकि, विपक्ष ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि डिजिटल पंजीकरण और केवाईसी प्रक्रिया कम पढ़ी-लिखी या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है। साथ ही बसों की संख्या को लेकर भी चिंता जताई गई है। अब देखना होगा कि नई डिजिटल व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है।