Uttar Pradesh

नोएडा में जेवर एयरपोर्ट के लिए बनेगा  30 किमी लंबा छह लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे, 4000 करोड़ होंगे खर्च

नोएडा और आसपास के इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) 30 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने जा रही है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को सीधे जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगा और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दबाव कम करेगा। प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग 4000 करोड़ रुपये है। एक्सप्रेसवे में तीन प्रमुख लूप होंगे, जो सेक्टर-168, सेक्टर-150 और ग्रेटर नोएडा के परी चौक को जोड़ेंगे।

यह सड़क ओखला बैराज से शुरू होकर यमुना के किनारे गुजरते हुए एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनने के बाद शहर के अंदर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा, जिससे ट्रैफिक और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी। साथ ही, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के विकास और बढ़ते ट्रैफिक की समस्या को भी हल करने में मदद मिलेगी।