Uttar Pradesh

दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली के मौके पर प्रदेश के करोड़ों परिवारों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थी परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी देने की घोषणा की है। इसके लिए सरकार ने 1500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। मुख्यमंत्री ने लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर यह राशि सीधे संबंधित गैस कंपनियों को हस्तांतरित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि एक घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से 335.40 रुपये की सब्सिडी दी जाती है। शेष 648.55 रुपये का भुगतान लाभार्थियों को करना पड़ता था। अब राज्य सरकार ने इस राशि का भुगतान अपनी ओर से कर दिया है। इससे उज्ज्वला योजना के पात्र परिवारों को सिलेंडर रिफिल कराने के लिए अपनी जेब से पैसे नहीं देने होंगे।

इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने किसानों और महिलाओं के लिए भी बड़े आर्थिक पैकेज लाने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से फसल बर्बाद होने वाले किसानों को राहत देने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। प्रदेश के करीब तीन करोड़ किसान परिवारों को इसका लाभ देने की योजना है। वहीं, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार नया पैकेज लाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय खोलने की घोषणा भी की। यहां किसानों और मजदूरों को कम कीमत पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों और अन्य कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के जरिए गरीब, किसान, श्रमिक और महिलाओं को आर्थिक राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।