दिल्लीवासियों और राजधानी घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण शुरू होने जा रहा है। अब लोगों को यमुना नदी में क्रूज की सवारी करने का मौका मिलेगा। नमो यमुना क्रूज सफारी की शुरुआत 4 नवंबर से होने जा रही है। इस सेवा के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब 6 किलोमीटर के जलमार्ग पर क्रूज चलाया जाएगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देना और लोगों को मनोरंजन का नया विकल्प उपलब्ध कराना है।
दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक, क्रूज का ट्रायल पूरा हो चुका है और इसे शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस क्रूज में एक बार में लगभग 40 यात्री सफर कर सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुर तक की यात्रा पूरी करने में करीब 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। इस दौरान पर्यटक यमुना नदी के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकेंगे।
क्रूज सफारी के लिए प्रस्तावित टिकट की कीमत 500 रुपये रखी गई है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। टिकट की ऑनलाइन बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी। सफारी तक पहुंचने के लिए नानकसर-सोनिया विहार मेट्रो स्टेशन को नजदीकी विकल्प बताया गया है। इसके अलावा जगतपुर-वजीराबाद मेट्रो स्टेशन से भी यहां पहुंचा जा सकता है। इस परियोजना के तहत भविष्य में आसपास रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन, वाटर स्पोर्ट्स और पिकनिक स्पॉट जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे दिल्ली में पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है।


