लद्दाख में सोनम वांगचुक के संस्थान हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स (HIAL) को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है। लद्दाख प्रशासन ने संस्थान के तहत संचालित डेजर्ट फ्लावर स्कूल को लेकर उसकी CEO और वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. अंगमो को नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने हाईकोर्ट का अंतिम फैसला आने तक स्कूल से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने और यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है।
यह नोटिस 1 नवंबर को लेह के तहसीलदार कार्यालय की ओर से जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि फ्यांग इलाके में स्थित डेजर्ट फ्लावर स्कूल में बिना आवश्यक सरकारी मंजूरी के कक्षाएं और अन्य गतिविधियां शुरू किए जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन के मुताबिक, संबंधित विभागों से जरूरी अनुमति और अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना ऐसी गतिविधियां संचालित नहीं की जानी चाहिए थीं। नोटिस में 22 सितंबर को गीतांजलि जे. अंगमो की ओर से भेजे गए पत्र का भी उल्लेख किया गया है। इस पत्र के जरिए स्कूल की प्रबंधन समिति के प्रस्तावित सदस्यों के लिए NOC मांगी गई थी।
दरअसल, HIAL से संबंधित मामला जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट में लंबित है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संस्थान को निर्देश दिया है कि अदालत का अंतिम आदेश आने तक स्कूल संचालन या अन्य गतिविधियों को लेकर कोई नया कदम न उठाया जाए। तहसीलदार ने चेतावनी दी है कि किसी भी ऐसी कार्रवाई से बचा जाए, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। फिलहाल स्कूल की गतिविधियों को लेकर आगे का फैसला हाईकोर्ट के आदेश पर निर्भर करेगा।


