National

भूटान ने PM मोदी को समर्पित किया 108 में से 76वां बौद्ध स्तूप, किरेन रिजिजू ने बताया भारत के लिए बड़ा सम्मान

भारत और भूटान के बीच मजबूत होते रिश्तों की एक और झलक देखने को मिली है। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्येल वांगचुक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष सम्मान देते हुए गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में निर्मित 108 बौद्ध स्तूपों में से स्तूप संख्या 76 उन्हें समर्पित किया है। इसे भारत-भूटान की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मित्रता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

यह सम्मान गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी परियोजना के प्रति पीएम मोदी के समर्थन, उनके दृष्टिकोण और भारत के सहयोग के प्रति आभार जताने के उद्देश्य से दिया गया है। इस फैसले पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने खुशी जाहिर करते हुए इसे भारत के लिए बेहद बड़ा सम्मान बताया।

दरअसल, भूटान नरेश की परिकल्पना पर आधारित ‘प्रोजेक्ट 108’ के तहत हजारों स्वयंसेवकों ने एक ही दिन में 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण किया। ये सभी स्तूप असम सीमा के पास गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आई (माउ) नदी के किनारे करीब 11.7 किलोमीटर के क्षेत्र में बनाए गए हैं। प्रत्येक स्तूप की ऊंचाई 15 मीटर और उनके बीच की दूरी 108 मीटर रखी गई है।

स्तूपों की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा के पावन समारोह में भूटान के राजा, प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे और भारत की ओर से किरेन रिजिजू शामिल हुए। इस दौरान स्तूप संख्या 76 पर विशेष प्रार्थना भी की गई। रिजिजू ने कहा कि किसी व्यक्ति को पवित्र स्तूप समर्पित करना सामान्य सम्मान नहीं, बल्कि आध्यात्मिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भूटान के राजा का आभार जताते हुए कहा कि यह समर्पण दोनों देशों की स्थायी मित्रता और आपसी विश्वास को दर्शाता है।