सऊदी अरब में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच इंडिगो ने अपनी उड़ानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानों को 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द करने की घोषणा की है। वहीं, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए संचालित होने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक निलंबित रहेंगी। यह फैसला दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए घातक हमले के बाद लिया गया है।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि मौजूदा सुरक्षा हालात का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह कदम उठाया गया है। एयरलाइन के मुताबिक, रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्मम तथा मदीना की उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। दोनों तारीखें भी इस फैसले में शामिल हैं। एयरलाइन ने कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। इंडिगो ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को उनकी बुकिंग के दौरान उपलब्ध कराई गई संपर्क जानकारी के माध्यम से सूचित किया जा रहा है।
इंडिगो ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति आधिकारिक वेबसाइट पर जरूर जांच लें। एयरलाइन ने सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम दम्मम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। घटना में आठ अन्य लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।


