पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। दिल्ली में 30 अक्टूबर 2026 को होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। यह कार्यक्रम जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाना था। खास बात यह है कि कॉन्सर्ट के टिकटों की बिक्री भी शुरू हो चुकी थी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। फिलहाल इस पूरे मामले पर दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सात शहरों में होने वाला है ‘ऑरा इंडिया टूर’
दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर’ का ऐलान किया था। इस टूर की शुरुआत दिल्ली से होनी थी। शुरुआत में सोशल मीडिया पर जारी शेड्यूल में दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख 1 नवंबर बताई गई थी, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया। इसके बाद अलग-अलग टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर 30 अक्टूबर की तारीख के साथ टिकट उपलब्ध कराए जाने लगे। अब पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने से इस कार्यक्रम के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दिलजीत के इस टूर में देश के सात शहर शामिल हैं। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 15 नवंबर को इंदौर के C21 एस्टेट, 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेस कोर्स और 29 नवंबर को बेंगलुरु के नाइस ग्राउंड में कॉन्सर्ट होना है। इसके बाद 5 दिसंबर को लखनऊ के 19वें नेशनल जंबूरी ग्राउंड में कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, चंडीगढ़ में होने वाले शो की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
कितनी है टिकटों की कीमत?
दिल्ली में प्रस्तावित यह कॉन्सर्ट करीब छह घंटे का बताया गया था, जिसकी शुरुआत शाम 4 बजे होनी थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, टिकटों की शुरुआती कीमत 6,499 रुपये थी, जबकि सबसे महंगा टिकट 15,999 रुपये का रखा गया था। पुलिस की मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद खबर लिखे जाने तक बुक माय शो पर टिकट बुकिंग जारी होने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में अब फैंस को कार्यक्रम के भविष्य और आयोजकों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।


