दिवाली और छठ पूजा के त्योहार नजदीक आते ही ट्रेनों में टिकटों की मांग तेजी से बढ़ गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में काम करने वाले लोग त्योहार पर अपने घर लौटने की तैयारी में जुट गए हैं। यही वजह है कि यात्री महीनों पहले से ही रिजर्वेशन खुलने का इंतजार करते हैं। टिकट बुकिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग IRCTC की वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं। त्योहारी सीजन की इसी भारी मांग के बीच IRCTC ने एक दिन में सबसे ज्यादा रेलवे टिकट बुक होने का नया रिकॉर्ड बनाया है। 7 सितंबर 2026 को IRCTC के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कुल 20,06,353 टिकट बुक किए गए। यह पहली बार है जब एक दिन में टिकट बुकिंग का आंकड़ा 20 लाख के पार पहुंचा है।
इसके अगले दिन यानी 8 सितंबर को भी बुकिंग का आंकड़ा काफी ज्यादा रहा। इस दिन 19,50,699 टिकट ऑनलाइन बुक हुए। इस तरह दो दिनों में करीब 40 लाख टिकटों की बुकिंग हुई। पिछले साल त्योहारी सीजन में एक दिन में सबसे ज्यादा 18,40,203 टिकट बुक किए गए थे। IRCTC के मुताबिक, फिलहाल करीब 89 फीसदी रिजर्व टिकट ऑनलाइन बुक किए जा रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए टिकटिंग सिस्टम में नए सर्वर जोड़े गए हैं, जिससे इसकी क्षमता लगभग दोगुनी हो गई है।
IRCTC ने 15 जुलाई 2026 से अपनी वेबसाइट का नया यूजर इंटरफेस भी लागू किया है। इसमें यात्रियों को अलग-अलग क्लास में सीट की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा मिलती है। फर्जी बॉट और अनधिकृत वेबसाइटों पर भी कार्रवाई की गई है। Anti-BOT सिस्टम ने संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 फीसदी तक कमी की है। वहीं, अधिकृत एजेंटों को बुकिंग खुलने के शुरुआती 10 मिनट यानी सुबह 8 से 8:10 बजे तक ARP टिकट बुक करने की अनुमति नहीं है। IRCTC के अनुसार, भारी ट्रैफिक और रिकॉर्ड बुकिंग के बावजूद NGeT ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम में कोई बड़ी तकनीकी समस्या नहीं आई।


