Delhi

दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा: JEE-NEET की तैयारी के लिए छात्रों को मिलेगी 1 साल की मुफ्त रेजिडेंशियल कोचिंग

दिल्ली सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इस योजना के तहत राजधानी के सरकारी और मान्यता प्राप्त एडिड स्कूलों में 12वीं कक्षा की साइंस स्ट्रीम में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक वर्ष की निशुल्क रेजिडेंशियल कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

यह कार्यक्रम पुणे स्थित गैर-लाभकारी संस्था ‘दक्षणा फाउंडेशन’ की छात्रवृत्ति योजना के सहयोग से संचालित होगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी पात्र स्कूलों को निर्देश जारी करते हुए योग्य छात्रों का पंजीकरण कराने और योजना की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने को कहा है।

छात्रों का चयन ‘जॉइंट दक्षणा सिलेक्शन टेस्ट (JSDT) 2027’ के आधार पर किया जाएगा। यह परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है। चयनित विद्यार्थियों को महाराष्ट्र के पुणे जिले के कडूस गांव स्थित ‘दक्षणा वैली कैंपस’ में एक साल की आवासीय कोचिंग दी जाएगी। इस दौरान पढ़ाई, रहने और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए छात्रों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

योजना का लाभ केवल उन छात्रों को मिलेगा जो दिल्ली के सरकारी या एडिड स्कूलों में 12वीं कक्षा की साइंस स्ट्रीम में अध्ययनरत हैं। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम और स्कूल की वार्षिक फीस 36,000 रुपये से कम होनी चाहिए। साथ ही, अभ्यर्थियों के लिए 10वीं कक्षा में गणित और विज्ञान विषयों में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करना भी अनिवार्य होगा। इस पहल का उद्देश्य मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर देकर देश के शीर्ष इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों तक पहुंचने में मदद करना है।