आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के नए मामलों ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरपांडियन के अनुसार, 26 जून से 16 जुलाई के बीच राज्य में कोरोना संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से चार मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मृतक पहले से हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह, किडनी रोग जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वर्ष 2026 का पहला कोविड मामला 26 जून को कडप्पा जिले में दर्ज किया गया था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए संक्रमित मिले। दो मरीज संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आने से वायरस की चपेट में आए, जबकि बाकी मामलों की निगरानी की जा रही है।
जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक आठ मामले कडप्पा जिले से सामने आए हैं। इसके अलावा गुंटूर में दो तथा विशाखापत्तनम और काकीनाडा में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी मरीज अलग-अलग क्षेत्रों से हैं और फिलहाल किसी सामुदायिक संक्रमण (क्लस्टर) के संकेत नहीं मिले हैं।
26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में कुल 67 कोविड जांच की गईं, जिनमें 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, 12वां संक्रमित मरीज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान सामने आया। वर्तमान में तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, दो का अस्पताल में इलाज चल रहा है और तीन मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी 1 जुलाई से अब तक 339 कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 115 मामले केरल से सामने आए हैं। इसके बाद कर्नाटक में 64, महाराष्ट्र में 43, तमिलनाडु में 39, दिल्ली और अंडमान-निकोबार में 18-18 तथा राजस्थान में 12 मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।


