Bihar

बिहार में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर मिलेगी ₹1.5 लाख तक की सब्सिडी

बिहार सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए नई सब्सिडी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत इलेक्ट्रिक बाइक, स्कूटी और कार खरीदने वाले लोगों को ₹7,500 से ₹1.5 लाख तक की सब्सिडी मिलेगी। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।

योजना के अनुसार, सामान्य वर्ग के लोगों को इलेक्ट्रिक बाइक या स्कूटी खरीदने पर ₹7,500 और एससी/एसटी वर्ग के लोगों को ₹10,000 की सब्सिडी मिलेगी। वहीं, इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर सामान्य वर्ग को ₹1.25 लाख और एससी/एसटी वर्ग को ₹1.5 लाख तक की सहायता दी जाएगी।

सब्सिडी का लाभ केवल 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिलेगा। हाइब्रिड यानी पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों से चलने वाले वाहनों पर यह सुविधा नहीं मिलेगी I सब्सिडी पाने के लिए खरीदार को पहले वाहन की पूरी कीमत चुकानी होगी। इसके बाद डीलर आवेदन जिला परिवहन कार्यालय भेजेगा। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और प्रदूषण को कम करना है।