National

पहलगाम आतंकी हमले में बड़ा खुलासा: NIA ने हाफिज सईद को बनाया मुख्य आरोपी, सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बड़ा कदम उठाते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ विशेष अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने हाफिज सईद को इस हमले का प्रमुख साजिशकर्ता बताते हुए उसकी भूमिका का विस्तृत विवरण अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया है।

NIA के अनुसार, चार्जशीट में हाफिज सईद को न केवल व्यक्तिगत तौर पर आरोपी बनाया गया है, बल्कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के प्रमुख के रूप में भी नामजद किया गया है। एजेंसी ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। इनमें भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने, पाकिस्तान से आतंकी साजिश रचने और आतंकवादी गतिविधियों को संचालित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

NIA ने बताया कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मूल चार्जशीट का विस्तार है। इसमें जांच के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक, तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के साथ पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क की भूमिका का भी विस्तार से उल्लेख किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में दाखिल मूल चार्जशीट में पाकिस्तान के आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट, ऑपरेशन महादेव में मारे गए तीन आतंकियों, दो गिरफ्तार आरोपियों तथा प्रतिबंधित संगठन LeT/TRF को आरोपी बनाया गया था। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की जान चली गई थी। शुरुआती जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की थी, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामला NIA को सौंप दिया। एजेंसी का कहना है कि पूरे आतंकी नेटवर्क और सीमा पार रची गई साजिश के सभी पहलुओं की जांच अभी भी जारी है।