भारत में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए SkyHop Aviation को Directorate General of Civil Aviation (DGCA) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (AOC) मिल गया है। इसके साथ ही स्काईहॉप देश की पहली डेडिकेटेड कमर्शियल सीप्लेन ऑपरेटर बन गई है। कंपनी के पहले चरण में Lakshadweep के पांच द्वीपों को आपस में और मुख्य भूमि से जोड़ने की योजना है। इसके लिए 19 सीटों वाले विमानों का संचालन किया जाएगा, जिससे दूरदराज के इलाकों तक पहुंच आसान हो सकेगी।
कंपनी की संस्थापक और सीईओ Avani Singh ने इसे एक अहम उपलब्धि बताते हुए कहा कि AOC मिलने से कंपनी को संचालन शुरू करने का मजबूत आधार मिला है। उन्होंने DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सहयोग के लिए आभार भी जताया। स्काईहॉप का उद्देश्य उन क्षेत्रों को सुरक्षित, भरोसेमंद और नए तरीके से जोड़ना है, जहां पहुंचना अब तक कठिन रहा है। कंपनी यात्रियों को सुविधाजनक और यादगार यात्रा अनुभव देने के साथ-साथ क्षेत्रीय संपर्क और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने की दिशा में काम करेगी। गौरतलब है कि कंपनी ने 6 अप्रैल 2026 को Rishikesh में गंगा बैराज पर एक सफल टेस्ट फ्लाइट भी पूरी की थी, जिसमें De Havilland Canada DHC-6 Twin Otter विमान का इस्तेमाल किया गया। आगे चलकर कंपनी देश के अन्य हिस्सों में भी इस तरह की सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं तलाश रही है।









