National World

भारत दौरे पर आएंगे दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति Lee Jae Myung, पीएम मोदी के साथ होगी अहम शिखर वार्ता

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग रविवार को भारत के लिए रवाना हो गए हैं। अपने इस बहु-देशीय दौरे के तहत वे भारत के बाद वियतनाम भी जाएंगे। यह यात्रा वैश्विक ऊर्जा संकट और मध्य-पूर्व में चल रहे तनाव के बीच सप्लाई चेन को स्थिर करने के प्रयासों के रूप में देखी जा रही है। राष्ट्रपति ली सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिखर वार्ता करेंगे। यह दोनों नेताओं की पिछले जी7 और जी20 सम्मेलनों के बाद तीसरी आमने-सामने की बैठक होगी।

इस बैठक में मुख्य रूप से शिपबिल्डिंग, मैरीटाइम इंडस्ट्री, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में स्थिरता और वैश्विक अनिश्चितताओं से निपटने पर भी फोकस रहेगा। राष्ट्रपति ली भारत में एक बिजनेस फोरम में भी हिस्सा ले सकते हैं, जहां कोरियाई कंपनियों के निवेश और संचालन को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। भारत पहले से ही दक्षिण कोरियाई इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए एक प्रमुख उत्पादन केंद्र और बड़ा उपभोक्ता बाजार माना जाता है।

भारत दौरे के बाद राष्ट्रपति ली वियतनाम जाएंगे, जहां वे हनोई में शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत करेंगे। इसमें ऊर्जा सप्लाई चेन, महत्वपूर्ण खनिज संसाधन और आर्थिक सहयोग प्रमुख एजेंडा होंगे। वे वियतनाम के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। यह दौरा नई वियतनामी सरकार के गठन के बाद किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का पहला आधिकारिक दौरा होगा। यह यात्रा दक्षिण कोरिया की बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं के साथ रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने और वैश्विक कूटनीतिक प्रभाव को विस्तार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।