National

पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का किया उद्घाटन, विकास को बताया नई गति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के दौरे के दौरान देहरादून में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और इसे देश की प्रगति में मील का पत्थर करार दिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने यह भी कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों और जनता के सहयोग से राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम ने याद दिलाया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि यह दशक उत्तराखंड के विकास का होगा, जो अब वास्तविकता बनता दिख रहा है। उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने सहारनपुर में एक्सप्रेसवे के वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण किया और बाद में देहरादून स्थित डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने रोड शो के जरिए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, जहां भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना यह 213 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर आधुनिक इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसमें एशिया का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर और डाट काली क्षेत्र में 340 मीटर लंबी सुरंग शामिल है। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा, जिससे पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।