National

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियारों का जखीरा और 1800 किलो नशीला पदार्थ बरामद

मणिपुर में शांति बहाली और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को चुराचंदपुर और चंदेल जिलों में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान बड़ी सफलता हासिल हुई। पहले ऑपरेशन में चुराचंदपुर जिले के टी बंगला एमवीसीपी क्षेत्र से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक कार्बाइन, 9 एमएम पिस्तौल, 1800 किलोग्राम खसखस से भरे 36 बोरे और दो वाहन बरामद किए गए। यह बरामदगी नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की ओर संकेत करती है, जिसे सुरक्षा बलों ने समय रहते नाकाम कर दिया।

दूसरे अभियान में चंदेल जिले के चकपिकारोंग थाना क्षेत्र के ताइजांग गांव के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। इनमें एके-47 राइफल, मैगजीन सहित चार देसी बंदूकें, सात मोर्टार, आईईडी बनाने का सामान और पांच वॉकी-टॉकी शामिल हैं। गौरतलब है कि मई 2023 में मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद से राज्य में हालात संवेदनशील बने हुए हैं। इस हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल अवैध हथियारों के प्रसार पर रोक लगेगी, बल्कि शांति व्यवस्था बहाल करने में भी मदद मिलेगी। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश जारी है।