साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जना नायगन रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। पहले से ही कानूनी पचड़ों और सेंसर सर्टिफिकेट न मिलने के कारण अटकी इस फिल्म को अब लीक होने का बड़ा झटका लगा है। फिल्म 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अभी तक इसकी नई रिलीज डेट भी तय नहीं हो पाई है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म की कई क्लिप्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो गई हैं। इनमें से एक करीब 5 मिनट 31 सेकंड की वीडियो क्लिप बताई जा रही है, जिसे कथित तौर पर टेस्ट स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर में रिकॉर्ड किया गया है। इस वीडियो में विजय का इंट्रोडक्शन सीन, फाइट सीक्वेंस और टाइटल कार्ड तक नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इन क्लिप्स की तुलना भगवंत केसरी से भी कर रहे हैं।
मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि फिल्म की एचडी प्रिंट पाइरेटेड वेबसाइट्स तक पहुंच गई है, जिससे पूरी फिल्म के लीक होने की बात सामने आ रही है। इससे मेकर्स को भारी नुकसान की आशंका है, वहीं फैंस भी काफी निराश और नाराज नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर विजय के फैंस लगातार अपील कर रहे हैं कि फिल्म से जुड़े किसी भी कंटेंट को शेयर न किया जाए और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म के मेकर्स की ओर से अभी तक इस लीक को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जना नायगन एक राजनीतिक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक आम आदमी के नेता बनने और अन्याय के खिलाफ लड़ाई की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन एच. विनोथ ने किया है।









