पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ पेश किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और विकास जैसे मुद्दों को केंद्र में रखते हुए बीजेपी का रोडमैप बताया।
अमित शाह ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में जनता ने जिन उम्मीदों के साथ सत्ता सौंपी थी, वे पूरी नहीं हो सकीं और अब लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि यह संकल्प पत्र डर और निराशा से मुक्ति दिलाने के साथ महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं को रोजगार देने का वादा करता है।
बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में कई बड़े वादे किए हैं, जिनमें हर महिला के बैंक खाते में आर्थिक सहायता, बेरोजगार युवाओं को मासिक भत्ता, किसानों को सालाना वित्तीय मदद और सातवें वेतन आयोग को तेजी से लागू करना शामिल है। पार्टी ने घुसपैठ पर सख्त नीति अपनाने, कानून व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं को पुलिस बल में अधिक प्रतिनिधित्व देने का भी आश्वासन दिया है।
इसके अलावा, औद्योगिक विकास के लिए नई टाउनशिप, स्टार्टअप को बढ़ावा, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और शिक्षा क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना का वादा भी किया गया है। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी बंगाल में “परिवर्तन” लाने के लिए पूरी तरह तैयार है और अगर पार्टी को जनादेश मिला तो राज्य का व्यापक पुनर्निर्माण किया जाएगा।









