National

HPV टीकाकरण अभियान: देशभर में 1.15 करोड़ किशोरियों को लगेगी मुफ्त वैक्सीन

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार ने देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू किया है। प्रधानमंत्री Narendra Modi राजस्थान के अजमेर से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत देशभर में 14 वर्ष की करीब 1.15 करोड़ किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त HPV वैक्सीन दी जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सरकारी केंद्रों पर गार्डासिल-4 टीका लगाया जाएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए यह वैक्सीन बेहद प्रभावी है और इस उम्र में एक डोज पर्याप्त मानी गई है। 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र की किशोरियों को 2 से 3 डोज की आवश्यकता पड़ सकती है। यह टीका 26 वर्ष तक की आयु में सबसे अधिक प्रभावी रहता है। भारत में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। हर साल लगभग 80,000 नए मामले सामने आते हैं और 42,000 से अधिक महिलाओं की मौत हो जाती है।

HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से करीब 98 प्रतिशत तक सुरक्षा दे सकती है। यह वैक्सीन गले के कुछ प्रकार के कैंसर से बचाव में भी सहायक हो सकती है। विशेषज्ञों ने टीकाकरण के साथ नियमित स्क्रीनिंग पर भी जोर दिया है। 30 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं को समय-समय पर जांच करानी चाहिए, ताकि बीमारी की पहचान शुरुआती या प्री-कैंसर अवस्था में ही हो सके। डॉक्टरों के मुताबिक, यौन संबंध के बाद असामान्य ब्लीडिंग, पीरियड्स के बीच अनियमित रक्तस्राव, बदबूदार डिस्चार्ज या मेनोपॉज के बाद ब्लीडिंग जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से इस कैंसर को रोका जा सकता है।