National Rajasthan

जैसलमेर पहुंची राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू, आज LCH ‘प्रचंड’ में भरेंगी उड़ान

जैसलमेर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपने राजस्थान दौरे के दौरान स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ में उड़ान भरेंगी। वह पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित ‘वायु शक्ति’ अभ्यास में शामिल होकर भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता और आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन देखेंगी। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राष्ट्रपति गुरुवार शाम जैसलमेर पहुंचीं, जहां उनका स्वागत राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया। वायुसेना स्टेशन पर औपचारिक स्वागत के बाद उनका काफिला आर्मी स्टेशन पहुंचा, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह वह जैसलमेर वायुसेना स्टेशन से ‘प्रचंड’ हेलीकॉप्टर में उड़ान भरेंगी।

लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर है, जिसे Hindustan Aeronautics Limited (HAL) ने तैयार किया है। यह हेलीकॉप्टर रेगिस्तान, पहाड़ी और उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्रभावी संचालन में सक्षम है तथा 5,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर भी उड़ान भर सकता है। शाम को पोकरण में आयोजित ‘वायु शक्ति’ अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना अपनी ऑपरेशनल क्षमता और अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करेगी। चूंकि यह कार्यक्रम भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट हो रहा है, इसलिए चांदन से पोकरण तक के क्षेत्र को अस्थायी रूप से नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं तथा सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी लड़ाकू विमानों में उड़ान भर चुकी हैं। वह राफेल और सुखोई-30 एमकेआई जैसे अत्याधुनिक फाइटर जेट में उड़ान भरने वाली पहली भारतीय राष्ट्रपति बन चुकी हैं, जिससे उन्होंने सशस्त्र बलों का मनोबल बढ़ाने का संदेश दिया है।