मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए 100 घंटे का अनोखा टी-20 क्रिकेट मैराथन शुरू हो गया है। इस टूर्नामेंट का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि खिलाड़ियों के हौसले और आत्मविश्वास का उत्सव है। उन्होंने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
यह 100 घंटे का क्रिकेट महोत्सव लगातार पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें देश के 25 राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। कुल 25 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 6 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस अनोखे आयोजन को वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए आयोजकों ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिंका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में आवेदन किया है। अगर यह प्रयास सफल होता है तो भोपाल खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि दर्ज करेगा। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में समावेशिता और प्रेरणा का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखते हैं।









