Technology

Google का बड़ा एक्शन: 17.5 लाख फेक ऐप्स हटाए, 80,000 डेवलपर अकाउंट्स बैन

एंड्रॉयड यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए Google ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने Play Store से 17.5 लाख (1.75 मिलियन) से अधिक फेक और संदिग्ध ऐप्स हटा दिए हैं। इसके साथ ही करीब 80,000 डेवलपर अकाउंट्स को भी ब्लॉक कर दिया गया है, जो बार-बार पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे थे। 19 फरवरी को जारी एक ब्लॉग पोस्ट में कंपनी ने बताया कि जिन ऐप्स ने प्राइवेसी और सिक्योरिटी नियमों का पालन नहीं किया, उन्हें नोटिस देने के बाद स्टोर से बाहर कर दिया गया। Google के AI-पावर्ड Play Protect टूल्स ने इन खतरनाक ऐप्स को यूजर्स के स्मार्टफोन तक पहुंचने से पहले ही पहचान लिया।

बैन किए गए कई ऐप्स में मैलवेयर पाया गया था। ये ऐप्स यूजर्स के बैंकिंग और पर्सनल डेटा की चोरी कर सकते थे, बिना जानकारी के पेड सब्सक्रिप्शन एक्टिव कर सकते थे और फोन में स्पाइवेयर इंस्टॉल कर सकते थे। कंपनी के मुताबिक, लगभग 2.55 लाख ऐप्स को संवेदनशील यूजर डेटा तक पहुंचने से रोका गया। Google ने साफ कर दिया है कि ब्लॉक किए गए 80,000 डेवलपर्स अब भविष्य में Play Store पर दोबारा एंट्री नहीं कर पाएंगे। ये अकाउंट्स स्कैम और मैलिशियस गतिविधियों से जुड़े पाए गए थे।

यह पूरी कार्रवाई Android इकोसिस्टम को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की बड़ी मुहिम का हिस्सा है। अब AI टूल्स ऐप्स को उनके शुरुआती डेवलपमेंट स्टेज से ही स्कैन करेंगे। Android Studio और Play Store के डेटा सेफ्टी सेक्शन में एडवांस मॉनिटरिंग सिस्टम जोड़ा गया है, जिससे मैलवेयर, स्पाइवेयर और स्कैम ऐप्स को तुरंत पकड़ा जा सके। कुल मिलाकर, Google का यह कदम एंड्रॉयड यूजर्स के लिए राहत भरा है और 2025 में प्लेटफॉर्म को और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।