मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के दौरे पर रवाना होंगे। राज्य में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से यह उनकी पहली औपचारिक निवेश-केंद्रित विदेश यात्रा मानी जा रही है। इससे पहले वह म्यांमार, मॉरीशस, नेपाल और रूस की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन यह दौरा विशेष रूप से औद्योगिक निवेश और आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा। दौरे के कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 23 और 24 फरवरी को Singapore में रहेंगे, जबकि 25 और 26 फरवरी को Tokyo, Japan का दौरा करेंगे। सिंगापुर में शहरी विकास, स्मार्ट सिटी, जल प्रबंधन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। Singapore Indian Chamber of Commerce & Industry (SICCI) और अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को अंतिम रूप देने की तैयारी है।
टोक्यो में “विनिर्माण, गतिशीलता और प्रौद्योगिकी” विषय पर गोलमेज सम्मेलन प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेलवे, इंजीनियरिंग, रसायन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की प्रमुख जापानी कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। Invest UP की टीम औद्योगिक बुनियादी ढांचे, हरित हाइड्रोजन, जीसीसी, पर्यटन सर्किट और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधारों पर निवेशकों के समक्ष प्रस्तुतियां देगी। मुख्यमंत्री दोनों देशों में रह रहे भारतीय समुदाय और निवेशकों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंन्दी सहित 18 अधिकारी शामिल होंगे। सरकार को उम्मीद है कि इन उच्चस्तरीय दौरों से उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी।









