National

एआई सब कुछ कर सकता है, लेकिन दिल्ली का ट्रैफिक नहीं संभाल सकता: ऋषि सुनक

दिल्ली की ट्रैफिक समस्या का सामना आम लोग रोज करते हैं, लेकिन इस बार इसकी झलक एक अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भी देखने को मिली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेने पहुंचे ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ट्रैफिक जाम के कारण कुछ मिनट देर से पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में देरी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि एआई बहुत कुछ कर सकता है, जैसा कि दुनिया इस हफ्ते देख रही है, लेकिन अभी तक वह दिल्ली का ट्रैफिक ठीक नहीं कर पाया है। उनके इस मजाकिया बयान पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े।

सुनक ने आगे कहा कि भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेज प्रगति करते हुए ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, उन्होंने मुस्कुराते हुए यह भी जोड़ा कि इंग्लैंड अब भी आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में आगे है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि भारत एआई के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर तेजी से बढ़ रहा है। स्टैनफोर्ड की विश्व रैंकिंग का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब एआई महाशक्ति के रूप में शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है।