कर्नाटक के बागलकोट शहर में गुरुवार शाम छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान पथराव की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह जुलूस किले के अंदर स्थित अंबाभवानी मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए बसवेश्वर सर्कल और वल्लभभाई चौक तक गया और फिर वापस किले की ओर लौटा।
बताया जा रहा है कि जब जुलूस एक मस्जिद के पास पहुंचा, तो डीजे की आवाज तेज कर दी गई और कुछ लोग नारेबाजी करते हुए वहीं रुक गए। मस्जिद के भीतर मौजूद लोगों ने तेज संगीत पर आपत्ति जताई। स्थिति को शांत कराने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से बातचीत की कोशिश की।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जुलूस की ओर चप्पल फेंके जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद माहौल बिगड़ गया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने मस्जिद के पास खड़ी कुछ हाथगाड़ियों में आग लगा दी। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। बागलकोट के एसपी सिद्धार्थ गोयल ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









