उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में इस बार भारी बर्फबारी के बाद नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और स्नो कार्निवल के आयोजन को सरकार ने हरी झंडी दे दी है। 13 से 16 फरवरी तक चलने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से टीमें पहुंचनी शुरू हो गई हैं। उत्तराखंड सहित महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ समेत 17 टीमों के करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चार साल बाद औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन होने से खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह है। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन), पर्यटन विभाग और विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। अभ्यास के लिए टावर नंबर-10 के पुराने स्लोप को दो दिन के लिए खोल दिया गया है।
जीएमवीएन की तकनीकी टीम स्कीइंग स्लोप पर बर्फ के स्तर को संतुलित करने और खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए दोनों ओर नेटिंग लगाने का काम कर रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। औली की बर्फ से ढकी ढलानों पर इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में नेशनल प्रतियोगिता और स्नो कार्निवल से क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में इंटरनेशनल स्लोप पर अल्पाइन और स्नो बोर्ड इवेंट्स तथा पुराने स्लोप पर स्कीइंग मेंटेनरिंग मुकाबले आयोजित होंगे। कार्निवल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और फन स्कीइंग भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
पुरस्कार राशि के तहत प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 41 हजार और तृतीय को 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। स्कीइंग को जज्बे और जुनून का खेल बताते हुए आयोजकों का कहना है कि यह खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास विकसित करता है, जो जीवन में आगे बढ़ने में सहायक होता है। औली की बर्फीली वादियों में एक बार फिर खेल और उत्सव का रोमांच चरम पर रहने वाला है।









