पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनावों से पहले राज्य के युवाओं और किसानों के लिए अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा है कि 10वीं पास बेरोजगार युवाओं को प्रति माह ₹1500 की सहायता दी जाएगी, जबकि छोटे किसानों को सालाना ₹4000 की वित्तीय मदद मिलेंगे। ये राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे लाभार्थियों तक राहत तुरंत पहुंचे।
छोटे किसानों के लिए यह योजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब केवल 1 कट्ठा जमीन वाले किसान भी आर्थिक सहायता के पात्र होंगे। इसके साथ ही, खेती में इस्तेमाल होने वाली बिजली मुफ्त की जाएगी, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।
युवाओं के लिए शुरू की गई ‘युवा साथी’ योजना के तहत बेरोजगारों को हर महीने ₹1500 का भत्ता मिलेगा। इस योजना को पहले से तय अगस्त की बजाय अप्रैल महीने से ही लागू कर दिया गया है, ताकि लाभार्थियों को समय से सहायता मिल सके।
इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार 15 से 26 फरवरी तक पूरे बंगाल में विशेष पंजीकरण कैंप आयोजित करेगी। ये कैंप सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे और कृषि, सिंचाई, बिजली व युवा कल्याण विभाग के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा।









