Sports

T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाकिस्तान मैच होगा, PCB ने बॉयकॉट का फैसला वापस लिया

क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी राहत की खबर है। पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलने के फैसले को वापस ले लिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी मौजूद रहे। इस फैसले से पता चलता है कि 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला निर्धारित समय पर ही खेला जाएगा। पाकिस्तान ने पहले मैच का बॉयकॉट पाकिस्तान सरकार के आदेश पर घोषित किया था, लेकिन आईसीसी की बैठक और संभावित फाइनेंशियल पेनल्टी की चेतावनी के बाद पीसीबी ने अपना रुख बदल दिया।

आईसीसी के प्रतिनिधि लाहौर पहुंचे और PCB अधिकारियों के साथ लंबी बातचीत की। श्रीलंका, अमीरात और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्डों ने भी पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से ऐलान किया कि टीम भारत के खिलाफ मैच खेलेगी और यह कदम क्रिकेट के स्पिरिट और टूर्नामेंट की निरंतरता को बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह खबर खुशी की लहर लेकर आई है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा टी20 वर्ल्ड कप का सबसे रोमांचक और हाईवोल्टेज मैच माना जाता है।