पूर्वोत्तर भारत में विकास को नई दिशा मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सैरांग (मिजोरम) से सिलचर (असम) के बीच नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा न केवल यात्रा का समय कम करेगी, बल्कि खर्च भी घटाएगी और लोगों के लिए सुरक्षित और आसान कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। नई ट्रेन सेवा स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी बड़ी मदद करेगी। मिजोरम के मरीज अब सिलचर जैसे बड़े शहरों में बेहतर इलाज के लिए आसानी से पहुंच सकेंगे, जबकि छात्र कम खर्च में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों तक यात्रा कर सकेंगे।
रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार और कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। अनानास, अदरक और अन्य जैविक फसलें अब आसानी से व्यापारिक केंद्रों तक पहुँच सकेंगी, जिससे किसानों और व्यापारियों की आय बढ़ेगी। साथ ही गुवाहाटी रेलवे स्टेशन का कायाकल्प कर आधुनिक यात्री सुविधाओं का उद्घाटन किया गया, जिसमें वेटिंग एरिया और सूचना केंद्र शामिल हैं। केंद्र सरकार की यह पहल पूर्वोत्तर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने और क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









