दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के परिवहन क्षेत्र और DTC कर्मचारियों के कल्याण के लिए बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 1,200 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इस राशि का बड़ा हिस्सा सीधे कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अन्य देयताओं पर खर्च होगा, जिससे उन्हें समय पर भुगतान मिलने की गारंटी सुनिश्चित होगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि DTC केवल बसों का बेड़ा नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के लाखों नागरिकों की जीवनधारा है। इसके कर्मचारी, चालक और परिचालक दिन-रात मेहनत करते हैं ताकि राजधानी में यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य है कि बुजुर्ग पेंशनभोगियों और वर्तमान कर्मचारियों को कभी अपनी मेहनत की कमाई के लिए इंतजार न करना पड़े।
वेतन-पेंशन के अलावा, मुख्यमंत्री ने परिवहन प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान भी किया है। इसके तहत एडवांस्ड ट्रैफिक सिस्टम (ATS) के माध्यम से ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार और कमर्शियल ई-व्हीकल चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास शामिल है। यह पहल दिल्ली को प्रदूषण मुक्त, सुरक्षित और तकनीक-संचालित भविष्य की ओर ले जाने में मदद करेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का यह कदम कर्मचारियों के प्रति सम्मान और दिल्लीवासियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा सुनिश्चित करने का संदेश है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक विश्वसनीय और आधुनिक बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत रहेगी।









