हरियाणा सरकार गुरुग्राम को विश्वस्तरीय शहरी केंद्र बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू करने जा रही है। इस योजना के तहत द्वारका एक्सप्रेस-वे के किनारे 1003 एकड़ में विकसित होने वाली नई ‘ग्लोबल सिटी’ में देश की अब तक की सबसे ऊंची इमारत खड़ी होगी।
सरकार जल्द ही इस प्रोजेक्ट के लिए विशेषज्ञ एडवाइजर नियुक्त करेगी, जिसमें विदेशी और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल होंगे। उनका काम इमारत का डिजाइन, निर्माण तकनीक और सुरक्षा मानकों को पूरी तरह वैश्विक स्तर के अनुरूप तैयार करना होगा।
ग्लोबल सिटी को स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी, हरे-भरे ज़ोन, डिजिटल सुविधाओं और आधुनिक शहरी योजना के मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की सबसे ऊंची इमारत न केवल इसकी पहचान बनेगी, बल्कि शहर के स्काईलाइन का प्रमुख आकर्षण भी होगी।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस इमारत के निर्माण से विदेशी निवेश बढ़ने, मल्टीनेशनल कंपनियों के कार्यालय खुलने और पर्यटन के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। साथ ही, यह उच्च दक्षता वाले रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी और गुरुग्राम को वैश्विक बिजनेस हब के रूप में स्थापित करेगी।
हालांकि, साइट की एयरपोर्ट के नजदीक स्थिति इस परियोजना के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है। इमारत की ऊंचाई, एयर ट्रैफिक पर प्रभाव, एविएशन सुरक्षा और लाइटिंग सिस्टम पर डी.जी.सी.ए. और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की मंजूरी आवश्यक होगी। सरकार इन सभी तकनीकी पहलुओं पर गहन अध्ययन कर रही है ताकि यह परियोजना सुरक्षित और सफल रूप से पूरी हो सके।









