National Technology

भारत ने बनाया इतिहास: दुनिया का पहला AI-डॉक्टर हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म लॉन्च

भारत ने हेल्थकेयर के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए दुनिया का पहला डॉक्टर के नेतृत्व वाला AI कंटीन्यूअस हेल्थकेयर इकोसिस्टम लॉन्च किया है। इस तकनीक की मदद से अब मरीज घर बैठे ही 24 घंटे मेडिकल निगरानी में रहेंगे और किसी भी खतरे की स्थिति में डॉक्टर तुरंत अलर्ट जारी करेंगे। “iLive Connect” नाम का यह सिस्टम एक छोटे वायरलेस बायोसेन्सर पैच और रिस्टबैंड डिवाइस के जरिए काम करता है। इसे मरीज की छाती और कलाई पर लगाया जाता है, जो रियल टाइम में शरीर के जरूरी पैरामीटर रिकॉर्ड करता है और डेटा सीधे मेडिकल कमांड सेंटर तक पहुंचाता है।

यह डिवाइस टू-लीड ECG, हार्ट रेट, श्वसन दर, ऑक्सीजन सैचुरेशन (SpO2), बॉडी टेम्परेचर, ब्लड प्रेशर ट्रेंड, शारीरिक गतिविधि और हार्ट रेट वेरिएबिलिटी जैसे कई हेल्थ संकेतकों पर नजर रखता है। जैसे ही शरीर में कोई असामान्य बदलाव दिखता है, कमांड सेंटर में मौजूद डॉक्टर मरीज और उसके परिवार को 2 मिनट के भीतर सूचना देकर जरूरी सलाह देते हैं। कार्डियोसर्जन और iLive Connect के फाउंडर डॉ. राहुल चंदोला के मुताबिक, यह AI आधारित प्रिडिक्टिव मॉनिटरिंग बीमारी के लक्षण दिखने से पहले ही खतरे का संकेत दे सकती है, जिससे समय रहते इलाज संभव होता है और अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत कम पड़ती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह तकनीक खासकर बुजुर्गों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और अस्पताल से हाल ही में डिस्चार्ज हुए लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे घर बैठे ICU जैसी सुविधा मिलती है। आंकड़ों के मुताबिक, 410 मरीजों पर 10 हफ्तों तक किए गए अध्ययन में पाया गया कि इस सिस्टम के इस्तेमाल से अस्पताल में बार-बार भर्ती होने के मामलों में 76% तक कमी आई।