दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्रीगण और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच से मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि उनके लिए सत्ता किसी व्यक्तिगत सुविधा का साधन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है।
उन्होंने 8 फरवरी 2025 को दिल्ली की राजनीति का अहम दिन बताते हुए कहा कि जनता ने 70 में से 48 सीटें देकर भाजपा को मजबूत जनादेश दिया और 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाने का अवसर मिला। रामलीला मैदान के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थान कई आंदोलनों और संघर्षों का साक्षी रहा है और अब यह नई शुरुआत का प्रतीक भी बन गया है।
सीएम गुप्ता ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य लंबित समस्याओं का समाधान और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने दिल्ली के परिवहन और पर्यावरण सुधार को प्राथमिकता बताते हुए 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को जनता को समर्पित किया। साथ ही वर्ष 2028 तक सड़कों पर 14 हजार ई-बसें चलाने की योजना की जानकारी दी, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के लिए 5,000 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दिल्ली विकास, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं के मामले में नई पहचान बनाएगी।









