टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अब टीम के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह की अचानक बीमारी ने टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-अमेरिका मैच में बुमराह का खेलना मुश्किल है। उन्हें तेज वायरल बुखार के चलते आराम दिया जा सकता है।
बुमराह की अनुपस्थिति में टीम इंडिया के पास अब केवल दो प्रमुख तेज गेंदबाज हैं – अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज। तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या निभाएंगे। हर्षित राणा की चोट से सिराज को मैच से एक दिन पहले ही टीम में शामिल किया गया था।
वहीं, युवा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की वापसी अभी भी अनिश्चित है। सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी, और वे अभी बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में मेडिकल टीम और ट्रेनर्स की निगरानी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। टीम इंडिया उनकी वापसी की उम्मीद बनाए हुए है और उन्हें स्क्वॉड में बरकरार रखा गया है। इस स्थिति ने टीम इंडिया के ग्रुप-ए मैच और पूरे टूर्नामेंट में रणनीति पर प्रभाव डाला है, क्योंकि स्टार तेज गेंदबाज बुमराह के बिना कप्तान सूर्यकुमार यादव को मैदान पर उतरना होगा।









