हरियाणा के भिवानी जिले के नन्हे धावक हार्दिक ने सिर्फ 13 वर्ष की आयु में फिर से इतिहास रच दिया। गुरुग्राम में 1 फरवरी 2026 को आयोजित वन रेस हाफ मैराथन (21.1 km) में हार्दिक ने 1 घंटा 44 मिनट 11 सेकंड में दौड़ पूरी कर अपने ही बनाए रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले उन्होंने यही हाफ मैराथन 1 घंटे 49 मिनट में पूरी की थी।
हार्दिक की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन ही सबसे बड़ी वजह मानी जा रही है। वे रोजाना 5 से 15 किलोमीटर दौड़कर प्रैक्टिस करते हैं और बिना किसी दवा या सहारे के ही दौड़ पूरी करते हैं। उनके पिता और कोच राजेश तंवर के अनुसार, केवल दो माह की लगातार मेहनत और प्रशिक्षण ने हार्दिक को यह उपलब्धि दिलाई।
हार्दिक की इस उपलब्धि पर न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भिवानी में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। हार्दिक और उनके पिता ने युवाओं को संदेश दिया कि नशा और डोपिंग से बचें, मेहनत करें और देश का नाम रोशन करें। साथ ही उन्होंने सरकार से कम आयु वर्ग के धावकों को भी हाफ मैराथन में दौड़ने की अनुमति देने की मांग की। हार्दिक का नाम पहले से ही इंडिया और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है और इस नई उपलब्धि ने उनके सफर को और भी प्रेरणादायक बना दिया है।









