Haryana

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल, जल्द जींद–सोनीपत ट्रैक पर दौड़ेगी ग्रीन रेल

हरियाणा से भारतीय रेलवे के लिए बड़ी और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। जींद जंक्शन से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली और दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन का पहला ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। भंभेवा गांव के पास किए गए शुरुआती रनिंग टेस्ट में इंजन और सिस्टम ने संतोषजनक प्रदर्शन किया, जिसे रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी ट्रायल के दौरान हाइड्रोजन इंजन की कार्यप्रणाली, सेफ्टी सिस्टम, प्रेशर कंट्रोल, गैस सप्लाई और इलेक्ट्रिक कंट्रोल सिस्टम की गहन जांच की गई। विशेषज्ञों की टीम ने अलग-अलग परिस्थितियों में इंजन को स्टार्ट और शटडाउन कर उसकी क्षमता को परखा, जिसमें कोई तकनीकी खामी सामने नहीं आई। अब अगले चरण में ट्रेन का ट्रैक ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान सीमित गति पर ब्रेकिंग सिस्टम, स्पीड कंट्रोल और ट्रैक पर स्थिरता की जांच होगी।

यदि यह परीक्षण भी सफल रहता है, तो फरवरी के अंत तक जींद से सोनीपत के बीच हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो सकता है। यह ट्रेन पर्यावरण के लिहाज से भी खास है, क्योंकि हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यह रेल प्रदूषण मुक्त और ग्रीन ट्रांसपोर्ट की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। रेलवे मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद इसके औपचारिक उद्घाटन की तैयारी होगी और संभावना है कि इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों किया जाए। भारत अब रेल तकनीक में भी हरित और आधुनिक भविष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।