पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े स्थानीय नेता लक्की ओबेरॉय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां ओबेरॉय पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच से अधिक गोलियां उनके शरीर में लगीं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय लक्की अपनी गाड़ी में सवार थे। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि आसपास की दुकानों के शटर तुरंत बंद कर दिए गए। मौके पर गोलियों के कई खाली खोखे बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
घायल हालत में उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की पुष्टि परिवार के सदस्यों ने की। लक्की ओबेरॉय स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे और पार्टी की कैंट क्षेत्र की प्रभारी राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे। उनकी पत्नी भी नगर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे निजी रंजिश या राजनीतिक कारणों की भी जांच की जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









