BBN Business Himachal

केंद्रीय बजट 2026 फार्मा उद्योग के लिए मील का पत्थर: HDMA प्रवक्ता संजय शर्मा

हिमाचल ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (HDMA) ने केंद्रीय बजट 2026 को फार्मास्यूटिकल उद्योग के लिए दूरदर्शी और विकासोन्मुखी बताते हुए इसका स्वागत किया है। बजट में घोषित प्रावधानों से देश में दवा उद्योग, विशेष रूप से एमएसएमई और बायोफार्मा सेक्टर को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। HDMA के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा “बायोफार्मा शक्ति” पहल के अंतर्गत 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान घरेलू स्तर पर बायोलॉजिक्स और बायोसिमिलर दवाओं के उत्पादन को बढ़ावा देगा, जो वैश्विक उपचार प्रणाली का भविष्य हैं।

उन्होंने बताया कि बजट में 17 कैंसर एवं 7 डायबिटीज की दवाओं पर आयात शुल्क में कमी, 3 केमिकल पार्कों की स्थापना, 3 आयुर्वेदिक एम्स की घोषणा जैसे कदम फार्मा और हेल्थ सेक्टर के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। एमएसएमई सेक्टर के लिए ट्रेंड्स (TReDS) प्लेटफॉर्म पर इनवॉइस डिस्काउंटिंग हेतु क्रेडिट गारंटी सपोर्ट, रिसीवेबल्स को एसेट आधारित सिक्योरिटी मानने का प्रस्ताव, 10 हजार करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड तथा कॉरपोरेट मित्र योजना उद्योग के लिए वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम हैं।

इसके अलावा जीएसटी, कस्टम्स सहित विभिन्न अनुपालनों (Compliance) को सरल बनाने हेतु सुधार समिति का गठन, आयकर कानूनों में डीक्रिमिनलाइजेशन और टीडीएस स्लैब में राहत से उद्योग को सुगमता से कार्य करने का अवसर मिलेगा। HDMA टीम ने बजट को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत रोडमैप बताते हुए माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त किया। संजय शर्मा ने कहा कि बजट की अंतिम अधिसूचना आने के बाद HDMA द्वारा इसका विस्तृत अध्ययन प्रस्तुत किया जाएगा।