National

बैंक हड़ताल: मंगलवार को देशभर में बैंक रहेंगे बंद, जानें वजह और प्रभावित बैंक

देशभर में मंगलवार को बैंक बंद रह सकते हैं, जिससे लगातार तीन दिन बैंकिंग सेवाओं में बाधा आ सकती है। दरअसल, रविवार को सप्ताहिक अवकाश और सोमवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी के बाद मंगलवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण यह व्यवधान होगा। यूएफबीयू (United Forum of Bank Unions) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 27 जनवरी को देशभर में हड़ताल की घोषणा की है। बैंक कर्मचारी चाहते हैं कि सप्ताह में सिर्फ पांच दिन काम करने का निर्णय लागू किया जाए।

मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच हुए समझौते के अनुसार सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन यह अभी तक लागू नहीं हुआ है। मुख्य श्रम आयुक्त द्वारा बुधवार और गुरुवार को इस मुद्दे को सुलझाने के प्रयास के बावजूद कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। ऐसे में मंगलवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा और अन्य सरकारी बैंक हड़ताल से प्रभावित हो सकते हैं।

यूएफबीयू का तर्क है कि पांच-दिवसीय कार्य सप्ताह से कार्य घंटों में कोई कमी नहीं आएगी, क्योंकि कर्मचारी पहले से ही सोमवार से शुक्रवार तक अतिरिक्त काम करने के लिए सहमत हैं। यूनियन का कहना है कि कई सरकारी कार्यालय और वित्तीय संस्थान पहले से ही पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू कर चुके हैं, इसलिए बैंकों का छह-दिवसीय कार्य सप्ताह बनाए रखने का कोई औचित्य नहीं है। ग्राहकों से अनुरोध किया गया है कि वे हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान के लिए पहले से ही तैयार रहें।