भारतीय नौसेना ने 10 महीने के वैश्विक समुद्री अभियान ‘लोकायन-26’ की शुरुआत कर ली है। सेल ट्रेनिंग शिप INS सुदर्शिनी को दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि से वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 13 देशों के 18 बंदरगाहों तक फैलेगा और कुल 22,000 नॉटिकल मील की दूरी तय करेगा। अभियान का उद्देश्य भारत के समुद्री प्रयासों, नौवहन परंपरा और प्रशिक्षण क्षमता को विश्व के सामने प्रदर्शित करना है। लोकायन-26 का संदेश है ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, जो मित्रता, सहयोग और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देगा। अभियान के दौरान जहाज फ्रांस के Escale à Sète महोत्सव और जुलाई 2026 में अमेरिका के SAIL 250 कार्यक्रम में भी भाग लेगा।
वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने कहा कि यह अभियान सिर्फ नौकायन यात्रा नहीं, बल्कि दुनिया के देशों को जोड़ने वाला भारत का वैश्विक दूत है। यह मित्रता और सहयोग के सेतु का काम करेगा और भारत की समुद्री ताकत का परिचायक बनेगा।









