Delhi

दिल्ली में बड़ी सड़क और मेट्रो परियोजनाओं को मिली मंजूरी, एलिवेटेड रोड और नई कॉरिडोर का निर्माण शुरू

दिल्ली सरकार ने शहर के विकास और कनेक्टिविटी सुधार के लिए कई अहम परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इन परियोजनाओं में दक्षिणी दिल्ली में 6-लेन की नई एलिवेटेड रोड, मेट्रो फेज-IV के तीन नए कॉरिडोर और बादली-बवाना में कॉमन फैसिलिटी सेंटर शामिल हैं। साउथ दिल्ली के साकेत G ब्लॉक से पुल प्रहलादपुर तक 5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण होगा, जिसकी अनुमानित लागत 1,471 करोड़ रुपए है। सरकार ने इस परियोजना को 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यह सड़क यातायात के दबाव को कम करने और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ाने में मदद करेगी।

मेट्रो फेज-IV के तहत तीन नए कॉरिडोरों के लिए दिल्ली सरकार ने अपने हिस्से के 3,386.18 करोड़ रुपए के बजट को मंजूरी दे दी है। इस विस्तार से कुल 47 किलोमीटर का नया मेट्रो नेटवर्क तैयार होगा, जो लाजपत नगर से साकेत G ब्लॉक, इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ और रिठाला से कुंडली तक फैलेगा। ट्रांसपोर्ट मंत्री डॉ. पंकज सिंह का कहना है कि ये परियोजनाएं यात्रा को तेज, आसान और पर्यावरण-अनुकूल बनाएंगी।

इसके अलावा, बादली और बवाना में दो कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जो सूक्ष्म और लघु उद्यमों को साझा इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराएंगे।बस कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए DTC ने वेस्ट रीजन में रूट रेशनलाइजेशन शुरू किया है। दिल्ली में अब तक 3,600 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो चुकी हैं, और नवंबर 2026 तक यह संख्या 7,000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, सुलभ और हर नागरिक के लिए टिकाऊ बनाना है।