दिल्ली में पोलैंड के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोर्स्की के साथ बैठक के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आतंकवाद को लेकर कड़ा रुख अपनाया। पाकिस्तान को लेकर पोलैंड के रुख पर आपत्ति जताते हुए जयशंकर ने साफ कहा कि आतंकवाद के मामले में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है और सभी देशों को जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी चाहिए।
जयशंकर ने पोलैंड से अपील की कि वह पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादी ढांचे को बढ़ावा देने में किसी भी तरह की मदद न करे। उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद का सामना कर रहा है और इस मुद्दे पर उसे चुनिंदा तौर पर निशाना बनाना गलत है। उन्होंने यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर भी अपने विचार साझा किए और इसके वैश्विक प्रभावों पर चिंता जताई।
पोलैंड के विदेश मंत्री सिकोर्स्की ने जयशंकर की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि उनका देश भी हाल ही में आगजनी और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार हुआ है। उन्होंने आतंकवाद से निपटने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक में वैश्विक व्यापार और टैरिफ नीति पर भी चर्चा हुई। पोलैंड ने अमेरिका द्वारा चुनिंदा देशों को टैरिफ के जरिए निशाना बनाने पर भारत की चिंता का समर्थन किया और यूरोप-भारत संबंधों को मजबूत बनाए रखने की इच्छा जताई।









