बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के आश्वासनों के बावजूद हिंदू समुदाय पर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला झेनैदाह जिले के कालिगंज उपजिला का है, जहां 40 वर्षीय हिंदू विधवा के साथ गंभीर अमानवीय व्यवहार का आरोप लगा है। बताया गया कि शनिवार रात नादिपारा इलाके में दो स्थानीय युवकों ने महिला के साथ दुर्व्यवहार किया और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से अपमानित किया। बेहोशी की हालत में महिला को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
आरोप है कि घटना से जुड़ा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाया गया, जिससे आक्रोश और भय का माहौल बन गया। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों में से एक के साथ संपत्ति लेन-देन को लेकर पुराना विवाद था, जो समय के साथ बढ़ता गया। अस्पताल प्रशासन ने जांच में दुर्व्यवहार की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









