National

असम में तड़के 5.1 तीव्रता का भूकंप, पूर्वोत्तर के कई राज्यों में महसूस हुए झटके

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार सोमवार तड़के 4 बजकर 17 मिनट पर असम के मोरीगांव जिले में रिक्टर स्केल पर 5.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर स्थित था और इसकी गहराई लगभग 50 किलोमीटर बताई गई है। झटके असम के कई जिलों के साथ-साथ मेघालय की राजधानी शिलांग में भी महसूस किए गए।

भूकंप के असर से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए, हालांकि प्रशासन के मुताबिक अब तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। असम के कामरूप महानगर, नगांव, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, कछार, धुबरी सहित कई जिलों में कंपन महसूस हुई। ब्रह्मपुत्र के उत्तरी तट पर स्थित जिलों जैसे सोनितपुर, नलबाड़ी, बारपेटा, बोंगाईगांव और लखीमपुर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पूरे मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी धरती हिलने की सूचना मिली है। भूटान, बांग्लादेश और चीन के सीमावर्ती इलाकों में भी कंपन महसूस की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत उच्च भूकंपीय क्षेत्र में आता है, जहां ऐसे भूकंप समय-समय पर आते रहते हैं।