National

प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने की सगाई, जानिए कौन हैं अवीवा बेग

कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रियंका गांधी और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के बेटे, 25 वर्षीय रेहान वाड्रा ने हाल ही में अपनी प्रेमिका अवीवा बेग के साथ सगाई कर ली है। रेहान ने अवीवा को अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज किया, जिसे अवीवा ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और वाड्रा परिवार ने इस रिश्ते को हमेशा समर्थन दिया। सगाई समारोह बेहद निजी और पारिवारिक माहौल में आयोजित किया गया।

अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशे से फोटोग्राफर और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई दिल्ली के प्रतिष्ठित मॉडर्न स्कूल से पूरी की और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से मीडिया कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में डिग्री हासिल की। अवीवा राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं और अपनी फोटोग्राफी के माध्यम से अनकहे पहलुओं को कैमरे में कैद करती हैं। वे एटेलियर 11 की को-फाउंडर भी हैं, जो एक फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन हाउस है और भारत की विभिन्न एजेंसियों और ब्रांड्स के साथ काम करती है।

रेहान वाड्रा भी विज़ुअल आर्टिस्ट हैं और बचपन से ही फोटोग्राफी में रुचि रखते हैं। उनकी पहली सोलो प्रदर्शनी ‘डार्क परसेप्शन’ 2021 में नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित हुई थी। अपनी आंखों में लगी चोट के बाद उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी की ओर झुकाव बढ़ाया और रोशनी व अंधेरे के माध्यम से अपनी भावनाओं को पेश किया। दोनों कलाकारों के रूप में ही प्रसिद्ध हैं और अब निजी जीवन में भी नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। सगाई के बाद जल्द ही दोनों की शादी की तारीख सामने आने की उम्मीद है।।