जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ जिलों में पाकिस्तानी आतंकियों की सक्रियता की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना अलर्ट मोड में आ गई है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, इन इलाकों में 30 से 35 आतंकवादी सक्रिय हो सकते हैं। इसी जानकारी के आधार पर सेना ने चिल्ला-ए-कलां की कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के बावजूद आतंकियों के खिलाफ सघन तलाशी अभियान शुरू किया है।
आतंकवादी आबादी वाले इलाकों से दूर ऊपरी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में छिपने की कोशिश कर रहे हैं। इन्हीं दुर्गम इलाकों में राष्ट्रीय राइफल्स (RR) की यूनिट्स को तैनात किया गया है, जो ड्रोन और थर्मल इमेजिंग जैसे आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। सेना ने बर्फीले इलाकों में अस्थायी बेस और सर्विलांस पोस्ट भी बनाई हैं, ताकि आतंकियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
सर्च ऑपरेशन में भारतीय सेना के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ भी शामिल हैं। सुरक्षा बल आतंकियों को घेरकर उनकी छिपने की जगहों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय करना चाहते हैं। स्थानीय लोगों पर आतंकियों के दबाव को देखते हुए सेना की मौजूदगी बढ़ाई गई है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


