अब हवाई यात्रा के दौरान परिवार या दोस्तों के साथ एक साथ बैठने के लिए यात्रियों को ऑनलाइन चेक इन के समय अतिरिक्त भुगतान करना पड़ रहा है। यदि एक टिकट पर दो यात्री हैं और दोनों साथ में बैठना चाहते हैं, तो प्रति सीट 300 से 1500 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। यह नियम घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों दोनों पर लागू है। अधिकांश विमानन कंपनियों ने ऑनलाइन चेक इन सिस्टम ऐसा बनाया है कि केवल एक यात्री अपनी पसंद की सीट मुफ्त में चुन सकता है। दूसरा यात्री अपनी पसंद की सीट चाहता है तो उसे अतिरिक्त भुगतान करना होगा। नहीं देने पर कंपनी दूसरी सीट कहीं और अलॉट कर देती है।
नागर विमानन महानिदेशक (DGCA) के अनुसार, एक ही PNR नंबर पर बुकिंग करने वाले यात्रियों को सामान्य स्थिति में साथ में बैठने का प्रयास किया जाता है, लेकिन ऑनलाइन चेक इन शुरू होते ही एयरलाइंस अतिरिक्त भुगतान के साथ पसंदीदा सीट चुनने का विकल्प देती हैं। प्रारंभिक समय पर यह शुल्क 300-500 रुपये है, जबकि अंतिम समय में यह 1500 रुपये तक बढ़ जाता है। 2024 के DGCA निर्देशों के बावजूद, विमानन कंपनियां केवल अनिवार्य मामलों को छोड़कर यात्रियों को मुफ्त में एक साथ सीट नहीं देती और इस माध्यम से अतिरिक्त लाभ कमाती हैं।









