केंद्रीय चुनाव आयोग ने विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश सहित छह राज्यों में इसकी अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला किया है। आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रत्येक राज्य के लिए नई समयसीमा अलग-अलग तय की गई है।
उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया को पूरा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 25 दिसंबर 2025 कर दी गई है। वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार के लिए नई आखिरी तारीख 18 दिसंबर निर्धारित की गई है। गुजरात और तमिलनाडु में यह सीमा बढ़ाकर 14 दिसंबर तय की गई है। यह बदलाव आयोग की समीक्षा बैठक के बाद अनुमोदित किए गए।
हाल ही में उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग ने केंद्र से दो अतिरिक्त सप्ताह मांगे थे, क्योंकि प्रदेश में अभी तक लगभग 80 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया था। इससे पहले देश के 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर तय थी, जबकि केरल के लिए इसे पहले ही बढ़ाकर 18 दिसंबर किया जा चुका था।
ध्यान देने वाली बात यह है कि पश्चिम बंगाल में SIR की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे पर आयोग से लगातार सवाल कर रहा था। इसी क्रम में 30 नवंबर को आयोग ने मतदाता सूची जमा करने की अंतिम तिथि को भी एक सप्ताह बढ़ाया था। अब अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी।









